एअर इंडिया के को-पायलट की शर्मनाक करतूत… बैग में मिला ‘गांजा’
एअर इंडिया के एक को-पायलट को अमेरिका से वापस भेज दिया गया है। उनके बैग में गांजा (मैरिजुआना) पाए जाने के आरोप में अमेरिकी अधिकारियों ने उन्हें विमान से उतारकर अगली उपलब्ध फ्लाइट से भारत भेज दिया।
ड्यूटी पर था को-पायलट स्टाफ
मामला मंगलवार (14 अप्रैल) का है। यह को-पायलट दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट में पैसेंजर के रूप में स्टाफ ड्यूटी पर सवार था। उसका काम सैन फ्रांसिस्को पहुंचकर वापसी फ्लाइट को उड़ाना था।
सैन फ्रांसिस्को एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद अमेरिकी इमिग्रेशन और कस्टम्स अधिकारियों ने उनकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके बैग में गांजा बरामद होने का आरोप लगा। इसके बाद उन्हें एयरपोर्ट से बाहर जाने की अनुमति नहीं दी गई।
एअर इंडिया को सूचना दी गई और तय किया गया कि उन्हें अगली उपलब्ध फ्लाइट से भारत वापस भेज दिया जाए। को-पायलट गुरुवार को दिल्ली वापस पहुंच रहा है।
एयर इंडिया का बयान
एअर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा, “दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को जा रहे हमारे एक क्रू सदस्य को स्थानीय कानून के अनुसार inadmissible पाया गया और उन्हें भारत वापस भेज दिया गया है।
एअर इंडिया कानून के किसी भी उल्लंघन के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति रखती है और सुरक्षा, अनुपालन तथा व्यावसायिक आचरण के उच्चतम मानकों को बनाए रखती है। कंपनी की नीति के अनुसार सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा हमेशा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
क्या कहते हैं सूत्र?
जानकार सूत्रों के अनुसार, को-पायलट ने गांजा का सेवन नहीं किया था, बल्कि केवल अपने बैग में रखा हुआ था। कुछ देशों में चिकित्सकीय उपयोग के लिए गांजे की अनुमति है, लेकिन भारत में यह अवैध है।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल भी सक्रिय
यह घटना सामान्य उल्लंघन से आगे निकलकर गंभीर मानी जा रही है क्योंकि पायलट सुरक्षा संवेदनशील पद पर होता है। एयर इंडिया ने इस मामले की जानकारी DGCA को दे दी है। DGCA भी पूरी घटना की जांच कर रहा है। एअर इंडिया ने स्पष्ट किया है कि कंपनी सुरक्षा और अनुशासन के मामले में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं करेगी।

