फ्रांस: PSG के चैंपियंस लीग जीत के जश्न के दौरान झड़प, 416 लोग हिरासत में
पेरिस सेंट-जर्मेन के चैंपियंस लीग जीतने के बाद हुए जश्न के हिंसक रूप लेने पर पूरे फ्रांस में 400 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया और सात पुलिस अधिकारी घायल हो गए।
फ्रांस के गृह मंत्रालय के अनुसार, बुडापेस्ट में चैंपियंस लीग के फाइनल में PSG की जीत के बाद पुलिस और समर्थकों के बीच झड़पें में पूरे देश में 416 लोगों को हिरासत में लिया गया, इनमें से 283 लोग पेरिस के थे।
गृह मंत्री लॉरेंट नूनेज ने बताया कि इस अशांति के दौरान सात पुलिस अधिकारी घायल हुए और उन्होंने इस हिंसा को बिल्कुल भी स्वीकार न करने लायक बताया।
सुरक्षा इंतजामों के बावजूद घटना
फ्रांसीसी अधिकारियों ने मैच के लिए पूरे देश में लगभग 22,000 पुलिस अधिकारियों को तैनात किया था, जिनमें से 8000 पेरिस में थे।
कई मेट्रो स्टेशनों, ट्राम लाइनों और बस मार्गों को बंद करने जैसे व्यापक सुरक्षा उपायों के बावजूद पेरिस में भारी भीड़ जमा हो गई।
पुलिस ने बताया कि PSG की रोमांचक पेनल्टी शूटआउट जीत के बाद लगभग 20,000 समर्थक चैंप्स-एलिसीज पर जमा हो गए। इस दौरान हुई गड़बड़ी में छह वाहनों और दो दुकानों को नुकसान पहुंचा।
समर्थकों के एक समूह ने पेरिस की रिंग रोड पर भी कुछ समय के लिए ट्रैफिक रोक दिया और इस दौरान उन्होंने फ्लेयर्स जलाए,जिसे पेरिफेरिक के नाम से जाना जाता है।
PSG के पार्क डेस प्रिंसेस स्टेडियम के बाहर हजारों लोगों के जमा होने के बाद झड़पें शुरू हो गई, क्योंकि हजारों लोगों ने बड़ी स्क्रीन पर फाइनल मैच देख रहे थे। पुलिस ने बताया कि लगभग 150 लोगों ने स्टेडियम के एक गेट से अंदर घुसने की कोशिश की, लेकिन पुलिस अधिकारियों ने उन्हें पीछे धकेल दिया।
पत्थर और पटाखे फेंके गए
अधिकारियों ने यह भी बताया कि स्टेडियम के पास पुलिस पर पत्थर और पटाखे फेंके गए, जिसके जवाब में पुलिस अधिकारियों को आंसू गैस छोड़नी पड़ी। उस इलाके में एक बेकरी और एक रेस्टोरेंट को नुकसान पहुंचा, जबकि किराए की साइकिलों का इस्तेमाल करके बैरिकेड लगाने की कोशिशों को पुलिस ने तुरंत हटा दिया।
मैच से पहले, चैंप्स-एलिसीज के आस-पास के कारोबारियों ने अपनी खिड़कियों पर तख्ते लगा दिए थे, ताकि पिछले साल PSG की चैंपियंस लीग में जीत के बाद हुई अशांति जैसी घटना दोबारा न हो। शनिवार रात के ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने लगभग 100 पटाखे और दो दर्जन फ्लेयर जब्त किए, जबकि उस सड़क के पास एक बस शेल्टर को तोड़ दिया गया।
इस हिंसा की धुर-दक्षिणपंथी नेता मरीन ले पेन ने आलोचना की। उन्होंने X पर लिखा कि “सिर्फ फ्रांस में ही किसी फुटबॉल क्लब की जीत के बाद दंगे भड़कते हैं।
सुरक्षा इंतजामों का बचाव
नुनेज ने सुरक्षा इंतजामों का बचाव करते हुए कहा कि हिंसा को रोकने के लिए बहुत ही मजबूत और ठोस व्यवस्था की गई थी। PSG के खिलाड़ियों के रविवार को एफिल टॉवर के पास होने वाली जीत की परेड में हिस्सा लेने की उम्मीद है।
इस परेड में लगभग 100,000 समर्थकों के जुटने का अनुमान है। इसके बाद, फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों एलिसी पैलेस में खिलाड़ियों का स्वागत करेंगे।
मुकाबले का हाल
पीएसजी ने शनिवार को पुस्कास एरेना में खेले गए रोमांचक फाइनल में आर्सेनल को पेनाल्टी शूटआउट में हराकर लगातार दूसरी बार चैंपियंस लीग का खिताब अपने नाम कर लिया। आर्सेनल के डिफेंडर गैब्रियल मगालहेस अपनी टीम की आखिरी पेनाल्टी को गोलपोस्ट के ऊपर मार बैठे, जिससे पीएसजी को 4-3 से जीत मिल गई।
निर्धारित 90 मिनट और अतिरिक्त समय के बाद मुकाबला 1-1 की बराबरी पर रहा, जिसके बाद विजेता का फैसला पेनाल्टी शूटआउट से हुआ।


