अदाणी ग्रुप की बड़ी छलांग, अब रियल एस्टेट और होटल बिजनेस में उतरा
अदाणी समूह (Adani Group) एक बड़ा कदम उठाते हुए अपने बिजनेस को विस्तार दिया है। दरअसल, इस ग्रुप ने रियल एस्टेट और होटल बिजनेस के लिए 4 नई कंपनियां बनाई हैं। अदाणी एंटरप्राइजेज (Adani Enterprises) ने शेयर बाजार को दी गई एक आधिकारिक जानकारी में बताया है कि उसकी सब्सिडियरी कंपनी ‘अदाणी एयरपोर्ट सिटी लिमिटेड’ ने चार नई कंपनियों का गठन किया है। इन चारों कंपनियों पर अदाणी ग्रुप का 100% मालिकाना हक होगा।
नई कंपनियों से जुड़ी डिटेल
अदाणी मंगलुरु एयरपोर्ट सिटी लिमिटेड (AMACL): 8 अप्रैल 2026
अदाणी जयपुर एयरपोर्ट सिटी लिमिटेड (AJACL): 8 अप्रैल 2026
अदाणी लखनऊ एयरपोर्ट सिटी लिमिटेड (ALACL): 9 अप्रैल 2026
अदाणी TRV एयरपोर्ट सिटी लिमिटेड (ATACL): 9 अप्रैल 2026
क्या काम करेंगी ये कंपनियां?
कंपनी की फाइलिंग के मुताबिक, ये चारों नई कंपनियां मुख्य रूप से रियल एस्टेट और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में काम करेंगी। इनके प्रमुख बिजनेस में शामिल होगा:
अपनी या लीज पर ली गई प्रॉपर्टी से जुड़े रियल एस्टेट के काम।
खुद या कॉन्ट्रैक्ट बेसिस पर बिल्डिंग और इमारतों का निर्माण करना।
होटल, मोटल और रिसॉर्ट्स बनाना और शॉर्ट-टर्म ठहरने की सुविधा देना।
अदाणी ग्रुप इन नई कंपनियों के जरिए मंगलुरु, जयपुर, लखनऊ और तिरुवनंतपुरम (TRV) एयरपोर्ट्स के आसपास ‘एयरपोर्ट सिटी’ और उससे जुड़े कमर्शियल इंफ्रास्ट्रक्चर (होटल, रिसॉर्ट आदि) का तेजी से विकास करने की तैयारी में है।
इन चारों में से प्रत्येक कंपनी की शुरुआती पेड-अप शेयर कैपिटल (Paid-up share capital) 10 लाख रुपये है।हर कंपनी में 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले 1-1 लाख इक्विटी शेयर जारी किए गए हैं। इन शेयरों के लिए पूरा भुगतान नकद (Cash) में किया गया है।

