KKR का ऐतिहासिक फैसला, आंद्रे रसेल की जर्सी हुई रिटायर
तीन बार की आईपीएल विजेता कोलकाता नाइट राइडर्स ने अपने स्टार ऑलराउंडर आंद्रे रसेल की जर्सी नंबर-12 को रिटायर कर दिया। यानी अब इस टीम में कोई भी इस नंबर की जर्सी नहीं पहनेंगा। कोलकाता ने मंगलवार को एक कार्यक्रम के दौरान इस बात का एलान किया। रसेल इस कार्यक्रम में मौजूद थे और वह ये सम्मान पाकर भावुक हो गए।
रसेल 2014 की खिताबी जीत में टीम के साथ थे और 2024 में जब टीम ने तीसरी ट्रॉफी उठाई तब भी वह टीम के साथ थे। इस समय वह कोलकाता के सहयोगी स्टाफ का हिस्सा हैं और टीम को चौथा खिताब दिलाने के लिए खिलाड़ियों को तैयार कर रहे हैं।
मैसूर ने किया एलान
कोलकाता के सीजन से पहले इवेंट के दौरान फ्रेंचाइजी के सीईओ वैंसी मैसूर ने स्टेज पर आकर बताया कि वह रसेल की 12 नंबर की जर्सी रिटायर कर रहे हैं। मैसूर ने कहा, “आपके सम्मान में, हम इस नंबर (12) की जर्सी रिटायर करना चाहते हैं।”
कोलकाता ने पिछले साल रसेल को रिटेन नहीं किया था। ऐसे में लग रहा था कि वह नीलामी में आएंगे और फिर फ्रेंचाइजियां उनके लिए जमकर बोली लगाएंगी, लेकिन रसेल ने वीडियो जारी कर बताया था कि वह कोलकाता के साथ बतौर सहायक कोच जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा था कि अगर वह आईपीएल में कोलकाता की तरफ से नहीं खेल सकते तो फिर किसी और टीम के लिए नहीं खेलेंगे।
भावुक हो गए रसेल
इस इवेंट के दौरान रसेल के कोलकाता के साथ सफर का वीडियो भी चलाया गया जिसे देख रसेल भावुक हो गए। उन्होंने इस बात को कबूल भी किया और कहा, “इस वीडियो को देख मैं भावुक हो गया। ये शानदार उपलब्धियों का एक दशक रहा है। मैं दो बार आईपीएल जीतने वाली टीम का हिस्सा रहा हूं। वर्ल्ड कप जीतना स्पेशल है, लेकिन जब आप आईपीएल जीतते हैं तो ये अलग बात है। पिछली बार जब हम जीते थे तो मेरी आंखों में आंसू थे।”



