भारत ने तीसरी बार जीता टी20 वर्ल्ड कप खिताब
भारतीय टीम ने संजू सैमसन के 89 रन और जसप्रीत बुमराह के 4 विकेटों के दम पर टी20 वर्ल्ड कप का खिताब तीसरी बार अपने नाम कर लिया है। टीम इंडिया दुनिया की पहली टीम बन गई है, जिन्होंने टी20 विश्व कप की तीसरी बार अपने नाम किया है।
इससे पहले किसी भी टीम ने तीन बार वर्ल्ड कप नहीं जीता है। भारत के फाइनल में बल्ले से संजू सैमसन ने तबाही मचाई, जबकि गेंदबाजी नें बुमराह शानदार रहे। आइए आपको भारत के उन 5 खिलाड़ियों के बारे में बताते हैं, जिन्होंने टीम इंडिया को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई।
फाइनल में भारत की जीत के हीरो रहे ये 5 खिलाड़ी-
संजू सैमसन
विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने फाइनल में कमाल की बल्लेबाजी की। उन्होंने 46 गेंदों पर 89 रनों की पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 8 छक्के शामिल रहे। संजू और अभिषेक ने पहले विकेट के लिए 98 रन जोड़े, जिसकी वजह से मेन इन ब्लू ने 255 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया। ऐसे में भारत को चैंपियन बनाने में संजू ने अहम भूमिका निभाई।
जसप्रीत बुमराह
भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने फाइनल में शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने अपने 4 ओवर के स्पेल में मात्र 15 रन खर्च किए और 4 विकेट हासिल किए। बुमराह को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उनकी गेंदबाजी का ही नतीजा था कि कीवी टीम 159 रनों पर सिमट गई और भारत ने मुकाबले को अपने नाम कर लिया।
अक्षर पटेल
स्टार ऑलराउंडर अक्षर पटेल ने अपनी गेंदबाजी ने कीवियों को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया। अक्षर शानदार गेंदबाजी की और 3 ओवर में 27 रन खर्च करते हुए 3 विकेट अपने नाम किए। उन्होंने फिन एलन, ग्लेन फिलिप्स और डेरिल मिचेल जैसे खतरनाक खिलाड़ियों को अपना शिकार बनाया और मैच में टीम इंडिया की जीत सुनिश्चित की।
ईशान किशन
ईशान किशन ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में कमाल की पारी खेली। अभिषेक शर्मा के आउट होने के बाद उन्होंने तेजी से रन बनाए। भारत के लिए तीन बल्लेबाजों ने अर्धशतक लगाया और किशन उनमें से एक हैं। किशन ने 25 गेंदों पर 54 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। उनकी पारी की वजह से टीम इंडिया ने 15 ओवरों में 200 रनों के आंकड़े को पार कर लिया था।
अभिषेक शर्मा
सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को पूरे टूर्नामेंट के दौरान आलोचना का सामना करना पड़ा। हालांकि, फाइनल मुकाबले में उन्होंने बल्ले से तबाही मचाई। अभिषेक ने 18 गेंदों पर ही अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 21 गेंदों पर 52 रनों की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 6 चौके और 3 छक्के लगाए। उनकी पारी भी भारतीय टीम के लिए अहम रही और चैंपियन बनने में अभिषेक ने अहम भूमिका निभाई।
