क्यों कुछ लोग अपनी उम्र से ज्यादा बड़े दिखने लगते हैं?
क्या आप जानते हैं कि बुढ़ापे को लेकर आपकी चिंता ही आपको समय से पहले बूढ़ा बना रही है? जी हां, अगर आप भी उम्र बढ़ने को लेकर हमेशा खौफ में रहते हैं, तो यह आपकी सेहत को काफी भारी नुकसान पहुंचा रहा है।
न्यूयॉर्क विश्वविद्यालय के एक हालिया शोध में बेहद चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। इस अध्ययन के अनुसार, उम्र बढ़ने की चिंता, और खास तौर पर भविष्य में होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं का डर, हमारे शरीर में बुढ़ापे की प्रक्रिया को बहुत तेज कर देता है। यह कोई बाहरी बदलाव नहीं है, बल्कि यह बदलाव हमारे शरीर के भीतर ‘कोशिकीय स्तर’ पर होता है, जिससे इंसान असल में तेजी से बूढ़ा होने लगता है।
700 महिलाओं पर हुई रिसर्च ने सबको चौंकाया
यह महत्वपूर्ण अध्ययन 700 से अधिक महिलाओं पर किया गया। वैज्ञानिकों ने पाया कि जिन महिलाओं के मन में अपनी बढ़ती उम्र को लेकर ज्यादा चिंता थी, उनके खून की जांच में जैविक रूप से तेजी से बूढ़े होने के लक्षण स्पष्ट रूप से दिखाई दिए। विज्ञान की भाषा में इन उम्र बताने वाले लक्षणों को मापने के लिए जिस तकनीक का इस्तेमाल किया गया, उसे ‘एपीजेनेटिक क्लाक्स’ कहा जाता है।
क्यों कुछ लोग अपनी उम्र से ज्यादा बड़े दिखने लगते हैं?
इस शोध में एक बहुत ही दिलचस्प बात भी सामने आई है। वयस्कों में तेजी से उम्र बढ़ने का यह संबंध मुख्य रूप से बीमारियों के डर, शरीर के कमजोर होने और दूसरों पर निर्भर हो जाने के डर से जुड़ा था। इसके विपरीत, अगर कोई महिला केवल अपनी सुंदरता कम होने या प्रजनन क्षमता को लेकर चिंतित थी, तो उसका प्रभाव शरीर के जल्दी बूढ़े होने की प्रक्रिया पर नहीं दिखा।
कैसे आपकी सोच बदल रही है शरीर की उम्र?
इस शोध से जुड़ीं शोधकर्ता मारियाना रोड्रिग्स ने इस स्थिति को स्पष्ट करते हुए कहा कि उम्र बढ़ने का डर सिर्फ मन का वहम या कोई मामूली मनोवैज्ञानिक परेशानी नहीं है, बल्कि यह स्वास्थ्य के लिए एक गंभीर समस्या है। हालांकि पिछले अध्ययनों में यह साबित हो चुका है कि चिंता और डिप्रेशन का हमारे शारीरिक स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ता है, लेकिन यह पहली बार है जब शोधकर्ताओं ने इस बात की पुष्टि की है कि ‘बुढ़ापे को लेकर होने वाली चिंता’ और ‘शरीर के असल में बूढ़े होने की प्रक्रिया’ के बीच सीधा और गहरा संबंध है।



