मेरठ में कपड़ा कारोबारी के मकान में लगी भीषण आग
यूपी के मेरठ स्थित थाना लिसाड़ीगेट में कपड़ा कारोबारी आसिम के मकान में आग लगने से एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई। मृतकों में मां और उसके पांच बच्चे भी शामिल हैं, जिनमें दो जुड़वां बहनें हैं।
लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के किदवई नगर इस्लामाबाद में सोमवार रात एक कपड़ा कारोबारी के घर में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से झुलसने और दम घुटने के कारण एक ही परिवार के पांच बच्चों और एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
किदवई नगर इस्लामाबाद की गली नंबर-3 में स्थित यह तीन मंजिला मकान कपड़ा कारोबारी इकबाल अहमद का है। इस मकान में उनके दो बेटों, आसिम और फारूक के परिवार भी साथ रहते हैं। मकान के प्रथम तल पर आई संस एम्ब्रॉयडरी का कारखाना संचालित होता है, जहां पावरलूम के जरिए धागों से कपड़ा तैयार किया जाता है जबकि दूसरी मंजिल पर परिवार निवास करता है।
हादसे के वक्त इकबाल अहमद और उनके दोनों बेटे आसिम व फारूक तरावीह की नमाज पढ़ने के लिए मस्जिद गए हुए थे। घर पर इकबाल की पत्नी अमीर बानो, आसिम की पत्नी रुखसार, उनका 3 वर्षीय बेटा अकदस, 6 माह की जुड़वां बेटियां नबिया व इनायत और फारूक की बेटी महविश व बेटा हम्माद मौजूद थे। रात करीब 9:30 बजे अचानक घर में आग लग गई। देखते ही देखते लपटें विकराल हो गईं और पूरी इमारत धुएं के गुबार से भर गई।
संकरी गलियों में नहीं पहुंच सकी फायर ब्रिगेड, स्थानीय लोगों ने दिखाया साहस
घर के भीतर चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए और तुरंत पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचित किया। हालांकि इलाका बेहद घनी आबादी वाला और गलियां संकरी होने के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके तक नहीं पहुंच सकीं। ऐसे में स्थानीय लोगों ने साहस दिखाया और छतों के रास्ते घर में प्रवेश कर झुलसी हुई महिलाओं और बच्चों को बाहर निकाला। लोगों ने निजी संसाधनों और पानी डालकर आग पर काबू पाया।
अस्पताल में 6 को मृत घोषित किया गया
सभी घायलों को तत्काल पास के राजधानी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने पांच बच्चों और आसिम की पत्नी रुखसार को मृत घोषित कर दिया। घटना में गंभीर रूप से झुलसीं अमीर बानो और एक अन्य युवक शहजाद का इलाज अस्पताल में चल रहा है, उनकी हालत भी नाजुक बताई जा रही है।
प्रशासनिक अधिकारियों ने लिया जायजा
हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह, एसएसपी अविनाश पांडेय, डीआईजी कलानिधि नैथानी और एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जिलाधिकारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट ही आग का कारण लग रहा है। संकरी गलियों की वजह से बचाव कार्य में चुनौतियां आईं। इस हादसे में कुल छह लोगों की जान गई है।
मृतक:
रुखसार (30 वर्ष) पत्नी आसिम
अकदस (3 वर्ष) पुत्र आसिम
नबिया (6 माह) पुत्री आसिम (जुड़वां)
इनायत (6 माह) पुत्री आसिम (जुड़वां)
महविश (12 वर्ष) पुत्री फारूक
हम्माद (4 वर्ष) पुत्र फारूक
झुलसे
अमीर बानो पत्नी इकबाल
शहजाद
ये बोले डीएम
हादसे की जानकारी लगते ही पुलिस प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अभी मैं हॉस्पिटल में हूं। बच्चों सहित छह लोगों की मौत होना बताया गया है। सीएमओ भी हॉस्पिटल में हैं, घायलों का इलाज चल रहा है। – डॉ. वीके सिंह, डीएम
