आज नमो भारत-मेरठ मेट्रो को हरी झंडी दिखाएंगे पीएम मोदी
लखनऊ: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज यानी 22 फरवरी को मेरठ दौरे पर रहेंगे और प्रदेशवासियों को एक बड़ी सौगात देंगे। पीएम मोदी आज यहां पर नमो भारत ट्रेन (आरआरटीएस) और मेरठ मेट्रो को हरी झंडी दिखाएंगे। इस समय मुख्यमंंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। पीएम के दौरे से पहले सीएम ने शनिवार को कार्यक्रम स्थल में तैयारियों का जायजा लिया। उन्होने कहा कि उत्तर प्रदेश को एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मेरठ कार्यक्रम ऐतिहासिक और भव्य होना चाहिए।
‘शहरी और औद्योगिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा’
शनिवार को मेरठ पहुंचकर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने आयोजन स्थल, रेलवे स्टेशन और संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नमो भारत रैपिड रेल के विस्तार और मेरठ मेट्रो सेवा का शुभारंभ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शहरी और औद्योगिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
सीएम ने कहा, यह परियोजना तेज, सुरक्षित और आधुनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बीच आर्थिक, शैक्षणिक और औद्योगिक गतिविधियों को नई गति देगी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में एक लाख से अधिक लोगों की सहभागिता संभावित है, इसलिए सभी व्यवस्थाएं सुचारु, सुरक्षित और व्यवस्थित रहनी चाहिए।
मेट्रो से यात्रा भी करेंगे पीएम मोदी
आज प्रधानमंत्री 12,930 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इनमें दिल्ली के सराय काले खां से न्यू अशोक नगर तक लगभग पांच किलोमीटर का खंड तथा मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक नमो भारत रैपिड रेल और मेट्रो रेल सेवा शामिल है। प्रधानमंत्री मेरठ के मोहिउद्दीनपुर रैली ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की उपस्थिति में इन परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। वे शताब्दी नगर नमो भारत स्टेशन पर मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे और मेरठ साउथ स्टेशन तक मेट्रो से यात्रा भी करेंगे।
जनसभा को करेंगे संबोधित
इसके उपरांत प्रधानमंत्री जनसभा को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री के निरीक्षण के दौरान प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री दिनेश खटिक, मेरठ के सांसद अरुण गोविल, महापौर हरिकांत अहलूवालिया, विधान परिषद सदस्य अश्विनी त्यागी, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसौदिया तथा स्थानीय प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

