खेल

गावस्कर-कपिल देव समेत 14 पूर्व कप्तानों की पाकिस्तान सरकार से मांग

महान सुनील गावस्कर, कपिल देव, एलन बॉर्डर, स्टीव वॉ समेत दुनियाभर के 14 पूर्व कप्तान इमरान खान के सपोर्ट में उतरे हैं। जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान, की खराब होती सेहत और आंखों की रोशनी कमजोर पड़ने की रिपोर्ट से क्रिकेट जगत हैरान है।

17 फरवरी 2026 को इन क्रिकेट दिग्गजों ने पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ को चिट्ठी लिखकर इमरान खान की जेल में उनके पसंद के डॉक्टरों से तत्काल इलाज कराने, परिवार से नियमित मुलाकात और बिना किसी देरी के निष्पक्ष और पारदर्शी कानूनी प्रक्रिया का अधिकार देने की मांग की है।

Imran Khan के सपोर्ट में उतरे गावस्कर-कपिल देव समेत 14 पूर्व कप्तान

दरअसल, हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, 14 पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कप्तानों ने पाकिस्तान सरकार को चिट्ठी लिखी है। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और 1992 विश्व कप विजेता कप्तान इमरान खान (Imran Khan) की बिगड़ती सेहत को लेकर उन्होंने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से अपील की है कि 73 साल के इमरान को जेल में उचिल इलाज और मेडिकल ट्रीटमेंट की सुविधा दी जाए।

इन दिग्गजों के चिट्ठी पर है साइन

भारत की तरफ से सुनील गावस्कर और कपिल देव, ऑस्ट्रेलिया की ओर से ग्रेग चैपल, इयान चैपल, एलन बॉर्डर, स्टीव वॉ, किम ह्यूजेस और बेलिंडा क्लार्क, इंग्लैंड की तरफ से माइकल आथर्टन, नासिर हुसैन, माइकल ब्रियरली और डेविड गावर, उसके अलावा क्लाइव लॉयड (वेस्टइंडीज) और जॉन राइट (न्यूजीलैंड) ने उस चिट्ठी पर साइन किए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, किसी भी पूर्व पाकिस्तान कप्तान ने इस चिट्ठी पर हस्ताक्षर नहीं किए हैं। हालांकि, पिछले हफ्ते वसीम अकरम, वकार यूनिस और शाहिद अफरीदी समेत कई पूर्व पाक क्रिकेटर्स ने सोशल मीडिया पर इमरान के लिए उचति दखभाल की मांग की थी।

स्वास्थ्य और जेल की स्थिति पर चिंता

इमरान खान की स्थिति को लेकर हाल ही में कुछ गंभीर रिपोर्ट्स सामने आई हैं, जिसमें ये खुलासा हुआ कि इमरान खान की दाहिनी आंख की रोशनी 85% तक कम हो गई है। ये खुलासा पाकिस्तानी सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर हुई जांच में हुआ है। उनके बेटे सुलेमान ने दिसंबर 2025 में बताया था कि उनके पिता को एक बेहद छोटी कोठरी में रखा गया है, जिसे ‘डेथ सेल’ (फांसी की सजा पाने वालों की कोठरी) कहा जाता है।

इमरान खान मानसिक दबाव से जूझ रहे

रिपोर्ट के अनुसार, अक्तूबर 2023 से इमरान खान को अडियाला जेल में अलग रखा गया है। उनके वकील ने मुलाकात के बाद बताया कि वो काफी परेशान और मानसिक रूप से दबाव में नजर आए। 73 साल के इमरान ने ये भी कहा कि उन्हें अपने निजी डॉक्टरों से इलाज कराने की इजाजत नहीं दी गई। उनका रोजाना ब्लड टेस्ट भी नहीं हुआ। यहां तक कि दो साल में उन्हें दांतों के डॉक्टर के पास भी नहीं ले जाया गया, जबकि उन्होंने कई बार इसकी मांग की।

इतना ही नहीं, उनके परिवार और वकीलों से मिलने पर पाबंदियां लगाई गईं हैं। हाल ही में जेल प्रशासन बदलने के बाद अब इमरान की पत्नी हफ्ते में एक बार उनसे 30 मिनट मिल सकती है।

Related Articles

Back to top button